Seoni News: सिवनी जिले के छपारा में शराबबंदी को लेकर महिलाओं का बड़ा आंदोलन सामने आया हैं। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज़ महिलाओं ने आज लखनादौन-छपारा रोड पर चक्का जाम कर दिया। हाथों में तख्तियां और नारों के साथ महिलाओं ने प्रशासन से साफ कहा, “शराब बंद कीजिए, नहीं तो आंदोलन जारी रहेगा!
इलाके में शराबबंदी को लेकर चमारी खुर्द में महिलाओं का गुस्सा अब चरम पर पहुंच गया है। इलाके में खुलेआम बिक रही अवैध शराब को लेकर महिलाओं में आक्रोश हैं, जिसे लेकर उन्होंने आज प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने भी इस आंदोलन का समर्थन किया। महिलाओं का कहना है कि गांव में अवैध शराब ने परिवारों को तबाह कर दिया है और अब वे चुप नहीं बैठेंगी।
लखनादौन-छपारा रोड पर चक्का जाम और महिलाओं के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन मौके पर पहुंचकर महिलाओं को समझाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन महिलाओं ने चेतावनी दी है कि जब तक शराब की बिक्री पूरी तरह बंद नहीं होती, वे सड़क नहीं छोड़ेंगी। इलाके में शराब की बिक्री रोकने के लिए सभी महिलाएं एकजुटता से आंदोलन कर रही हैं।
शराबबंदी की मांग उठाने वाली महिलाओं को मिली धमकी
चमारी खुर्द में शराबबंदी की मांग कर रही महिलाओं पर दबाव बनाया जा रहा था। जानकारी के अनुसार, गांव की कुछ महिलाओं ने बताया कि उन्हें शराबबंदी आंदोलन वापस लेने के लिए स्थानीय नेताओं और कुछ शिक्षकों द्वारा धमकाया जा रहा है। महिलाएं कह रही हैं कि उन्होंने गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है, चाहे इसके लिए उन्हें किसी भी तरह की धमकी या दबाव क्यों न झेलना पड़े। महिलाओं का कहना है कि जब तक गांव में शराब का धंधा बंद नहीं होगा, वे पीछे नहीं हटेंगी। प्रशासन से उन्होंने सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
बीती रात महिलाओं ने पकड़ी थी अवैध शराब
बीती रात चमारी खुर्द में महिलाओं ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी थी। ग्रामीण महिलाओं ने साहस दिखाते हुए शराब छिपाकर रखे जाने की सूचना खुद प्रशासन को दी। महिलाओं का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस को शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसी लापरवाही के खिलाफ अब महिलाओं ने आज चक्का जाम करने का ऐलान किया है।





